राउत ने भाजपा के ‘घोटाला’ मामले पर अजित के बयान का हवाला दिया, उनकी मौत के घटनाक्रम पर संदेह जताया

Ads

राउत ने भाजपा के 'घोटाला' मामले पर अजित के बयान का हवाला दिया, उनकी मौत के घटनाक्रम पर संदेह जताया

  •  
  • Publish Date - February 2, 2026 / 04:05 PM IST,
    Updated On - February 2, 2026 / 04:05 PM IST

मुंबई, दो फरवरी (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के घोटाले संबंधी फाइल से जुड़े उनके खुलासे के कुछ ही दिनों बाद हुआ और उन्होंने इस घटनाक्रम को ‘‘रहस्यमय’’ बताया।

राउत ने नयी दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए यह भी दावा किया कि अजित पवार ने भाजपा से संबंध तोड़ने और अपने चाचा एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) अध्यक्ष शरद पवार के साथ फिर से जुड़ने का फैसला किया था।

राउत ने कहा, ‘‘अजित पवार लगातार कह रहे थे कि उनके पास भाजपा के घोटाले की फाइल है और वह इसका खुलासा करेंगे। उन्होंने यह बात 15 जनवरी को कही थी और अगले 10 दिन के भीतर एक दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। यह रहस्यमय है।’’

अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में एक विमान हादसे में मौत हो गई थी।

नगर निकाय चुनाव प्रचार के दौरान, पवार ने दावा किया था कि उनके पास उस समय किए गए भाजपा के भ्रष्टाचार की एक फाइल है, जब वह 1995 से 1999 के बीच अविभाजित शिवसेना के साथ राज्य में सत्ता में थी।

राउत ने कहा, ‘‘जिस दिन अजित पवार ने खुलासा किया कि उनके पास भाजपा के घोटाले की फाइल है, उसी दिन से मुझे शक था। इसका मतलब यह था कि अजित दादा ने भाजपा से संबंध तोड़ने का फैसला कर लिया था। मुझे साफ दिख रहा था कि शरद पवार के साथ अजित दादा फिर से जुड़ना चाहते थे।’’

शिवसेना (उबाठा) के नेता एवं राज्यसभा सदस्य ने कहा कि हालांकि शरद पवार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अजित पवार की मृत्यु एक दुर्घटना थी और इस पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन शरद पवार को भी यह एहसास होगा कि यह उतना सीधा है नहीं जितना दिखता है।

राउत ने कहा, ‘‘अजित पवार जैसा व्यक्ति विमान में बैठा है और विमान में कोई अन्य महत्वपूर्ण व्यक्ति नहीं है, कोई ओएसडी नहीं है, कोई रखरखाव प्रमाणपत्र नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि अजित पवार का अपनी मूल पार्टी में लौटना भारतीय जनता पार्टी की हार होता।

उन्होंने कहा कि यह देश की राजनीति में एक निर्णायक मोड़ होता और भाजपा का आतंक समाप्त हो जाता।

राज्यसभा सदस्य ने यह भी दावा किया कि अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भाजपा की कठपुतली बन गई है।

राउत के आरोपों पर भाजपा की विधान परिषद सदस्य चित्रा वाघ ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह मनमाने और निराधार दावे करके किसी की मौत का इस्तेमाल अपने स्वार्थ के लिए कर रहे हैं।

वाघ ने कहा, ‘‘अगर अजित पवार के पास भाजपा के खिलाफ कोई दस्तावेज थे, और अगर वे जलाए नहीं गए हैं, तो उन्हें ढूंढकर हासिल किया जाना चाहिए। राउत अदालत जाने के लिए स्वतंत्र हैं।’’

वाघ पार्टी की प्रदेश महिला इकाई की प्रमुख भी हैं।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि राउत अंतरराष्ट्रीय अदालत में भी जा सकते हैं, क्योंकि वे भारतीय चीजों में विश्वास नहीं रखते।

भाषा प्रशांत सिम्मी

सिम्मी