मुंबई, पांच जुलाई (भाषा) शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने मुंबई में बारिश से जुड़ी मौतों पर भाजपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम की टिप्पणी को ‘अनुचित’ बताया और कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसके लिए उन्हें फटकार लगाई होगी।
साटम शहर में वर्षा जनित हादसों में हुई मौतों पर अपनी टिप्पणी को लेकर विपक्ष के चौतरफा हमले झेल रहे हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में वह इन त्रासदियों पर बात करते हुए कथित तौर पर हंसते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो में भाजपा नेता साटम विधान भवन की सीढ़ियों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जयंत पाटिल के साथ खड़े दिख रहे हैं और उन्हें यह कहते सुना जा सकता है, ‘कल पेड़ की वजह से हुआ था, आज मैनहोल है।’
इसी सप्ताह शहर में एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घटना में बिना ढक्कन वाले मैनहोल में गिरने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई थी।
हालांकि, भाजपा नेता ने बाद में स्पष्ट किया कि उन्होंने मानसून से जुड़ी मौतों पर कोई टिप्पणी नहीं की और न ही वह इस पर हंसे थे।
संवाददाताओं से बातचीत में शिरसाट ने कहा, ‘हर कोई जानता है कि इस तरह की टिप्पणी करना या ऐसी घटनाओं का मजाक उड़ाना अनुचित है। अगर साटम ने ऐसा कुछ कहा है, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें जरूर फटकार लगाई होगी।’
भाषा
सुमित देवेंद्र
देवेंद्र