बीएमसी ने 15 मई से मुंबई में 10 प्रतिशत पानी की कटौती की घोषणा की

Ads

बीएमसी ने 15 मई से मुंबई में 10 प्रतिशत पानी की कटौती की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 09:42 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 09:42 PM IST

मुंबई, 11 मई (भाषा) बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने सोमवार को जलाशयों में जलस्तर घटने के मद्देनजर एहतियाती उपाय के तौर पर 15 मई से महानगर में 10 प्रतिशत पानी की कटौती की घोषणा की।

बीएमसी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह पानी की कटौती ठाणे, भिवंडी और आसपास के इलाकों में की जाने वाली आपूर्ति पर भी लागू होगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, “पानी की कटौती तब तक लागू रहेगी, जब तक कि पर्याप्त वर्षा से महानगर को जल आपूर्ति करने वाले जलाशयों में जल का स्तर पर्याप्त मात्रा में नहीं बढ़ जाता है। यह निर्णय झीलों में घटते जलस्तर और अगले वर्ष अल नीनो और हिंद महासागर द्विध्रुव (आईओडी) पैटर्न से जुड़े सामान्य से कम मानसून के पूर्वानुमान को देखते हुए लिया गया है।”

विज्ञप्ति में बताया गया है कि बढ़ते तापमान, बढ़ते वाष्पीकरण और जलाशयों का जलस्तर और गिरने की स्थिति में नियोजित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, प्रशासन ने एहतियाती कदम के रूप में 10 प्रतिशत पानी की कटौती लागू करने का निर्णय लिया है।

विज्ञप्ति के अनुसार, मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले सात जलाशयों में 11 मई को कुल उपयोग योग्य जल भंडार 340,399 मिलियन लीटर था, जो वार्षिक आवश्यक भंडार 14,47,363 मिलियन लीटर का 23.52 प्रतिशत है।

बीएमसी ने कहा कि वह स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और रोजाना योजनाबद्ध जल आपूर्ति प्रबंधन कर रही है, इसलिए नागरिकों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

बीएमसी ने नागरिकों से पानी का कम उपयोग करने, पानी की बर्बादी न करने और दैनिक जीवन में जल-बचत के तरीके अपनाने की अपील की।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप