भवन मानकों के उल्लंघन पर एलडीए का शिकंजा, कई प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी

Ads

भवन मानकों के उल्लंघन पर एलडीए का शिकंजा, कई प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 01:10 AM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 01:10 AM IST

लखनऊ, 26 जून (भाषा) अलीगंज क्षेत्र में भीषण आग की घटना में 15 लोगों की मौत के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शुक्रवार को भी भवन मानकों के कथित उल्लंघन के खिलाफ अभियान जारी रखा।

प्राधिकरण ने शहर के एक दर्जन से अधिक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए।

एलडीए के एक अधिकारी ने बताया कि जिम, कोचिंग सेंटर, रेस्तरां, होटल और नर्सिंग होम समेत विभिन्न प्रतिष्ठानों से स्वीकृत भवन मानचित्र और निर्माण नियमों के कथित उल्लंघन पर जवाब मांगा गया है। संबंधित प्रतिष्ठानों को कुछ दिनों के भीतर अपना पक्ष और स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत करने को कहा गया है, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारी के अनुसार, शुक्रवार को पुराने शहर के इलाकों जैसे चौक, ठाकुरगंज, बालागंज और हुसैनबाद में नौ जगहों को नोटिस जारी किए गए। इनमें कोचिंग सेंटर, नर्सिंग होम, होटल और रेस्टोरेंट शामिल थे।

इससे पहले बृहस्पतिवार को एलडीए ने 78 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए थे और 55 इमारतों को सील करने की कार्रवाई शुरू की थी।

यह अभियान सोमवार को अलीगंज में तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग के बाद शुरू किया गया, जिसमें 15 लोगों की मौत और नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

भाषा राखी राजकुमार

राजकुमार