नासिक में पिता और दो नाबालिग बेटों के शव नहर में मिले, तीसरे बेटे की तलाश जारी

Ads

नासिक में पिता और दो नाबालिग बेटों के शव नहर में मिले, तीसरे बेटे की तलाश जारी

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 05:53 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 05:53 PM IST

नासिक, 23 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक नहर में 28 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके दो नाबालिग बेटों के शव मिले हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने संदेह जताया है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है।

उन्होंने बताया कि मृत व्यक्ति की पहचान खेतिहर मजदूर दीपक पोपट पवार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह पिछले सात वर्षों से निफाड तालुका के रानवड में अपनी पत्नी और भाई के साथ रहता था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को उसका अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह अपने तीन नाबालिग बेटों को बाल कटवाने ले जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।

पुलिस ने बताया कि पवार और उसके डेढ़ तथा पांच साल के दो बच्चों के शव निफाड क्षेत्र के उगांव खेड शिवार में पालखेड बाईं नहर में मिले। पुलिस ने बताया कि हालांकि, तीसरा बेटा (3) अब भी लापता है और उसकी तलाश जारी है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच जारी है।

भाषा

प्रचेता दिलीप

दिलीप