पुलिस निरीक्षक के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही हो : राकांपा (शप) विधायक अव्हाड

Ads

पुलिस निरीक्षक के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही हो : राकांपा (शप) विधायक अव्हाड

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 04:56 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 04:56 PM IST

मुंबई, 29 जून (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र अव्हाड ने सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष को एक वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही का नोटिस सौंपा।

उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त पुलिस निरीक्षक का व्यवहार एक विधायक के विशेषाधिकारों में दखल देने के समान था।

अव्हाड ने विधानसभा में गत सप्ताह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में सदन में हुई एक बहस का जिक्र किया।

अव्हाड ने कहा कि उन्होंने सुझाव दिया था कि सरकार मादक पदार्थ से जुड़े मामलों में पुलिस थाने के प्रभारी को जवाबदेह ठहराए और जिन पुलिस थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थ बरामद किये जाएं, वहां के निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।

उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी एक सामान्य नीतिगत सुझाव था और किसी अधिकारी को लक्षित नहीं था।

अव्हाड ने आगे कहा कि हालांकि, उनके भाषण के बाद उन्हें ऐसा पेश करने की कोशिश की गई कि उन्होंने ठाणे ज़िले में अपने निर्वाचन क्षेत्र, मुंब्रा-कलवा को बदनाम किया है।

राकांपा (शप) नेता ने दावा किया कि मुंब्रा पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल शिंदे ने ऐसा व्यवहार किया जैसे विशेष रूप से उन्हें राजनीतिक निशाना बनाने की कोशिश की गई।

अव्हाड ने आरोप लगाया कि ऐसा माहौल लोकतंत्र के लिए नुकसानदेह है। उन्होंने कहा कि विधायकों को बिना किसी बदले की कार्रवाई के डर के कानून-व्यवस्था और मादक पदार्थ की समस्या से जुड़े मुद्दे उठाने की आज़ादी होनी चाहिए।

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि वह नोटिस पर विचार करेंगे और तय करेंगे कि मौजूदा मॉनसून सत्र के खत्म होने से पहले इसे विशेषाधिकार समिति को भेजा जाए या नहीं।

भाषा धीरज वैभव

वैभव