दीर अल-बलाह, 29 जून (एपी) गाजा पट्टी में सोमवार को इजराइल की ओर से किए गए एक हवाई हमले में कम से कम तीन फलस्तीनी मारे गए, जिनमें आठ साल का एक बच्चा भी शामिल है। यह हमला विस्थापित लोगों के एक तंबू पर किया गया। इजराइल का कहना है कि तंबू में एक चरमपंथी छिपा हुआ था।
तटीय क्षेत्र गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, हमला मध्य गाजा के शहर दीर अल-बलाह के एक इलाके में हुआ। अल-अक्सा शहीद अस्पताल ने बताया कि मृतकों में दो पुरुष और आठ साल का एक बच्चा शामिल हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है।
इजराइली सेना ने बताया कि हमले का लक्ष्य जाहिर अबू सलेम था, जो इस्लामिक जिहाद संगठन का सदस्य है और सात अक्टूबर, 2023 को इजराइल पर हुए हमले में शामिल था। इसी हमले के बाद गाजा युद्ध शुरू हुआ था।
अक्टूबर में लागू हुए युद्धविराम के बाद बड़े पैमाने पर लड़ाई भले ही थम गई हो, लेकिन इजराइली सेना लगातार हवाई हमले कर रही है। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद अब तक 1,045 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं।
इजराइल ने कहा है कि उसने हाल के दिनों में चरमपंथियों को निशाना बनाकर कई हमले किए हैं, जिनमें सप्ताहांत के दौरान किए गए तीन हमले भी शामिल हैं।
हमास के नेतृत्व वाली सरकार के अधीन कार्य करने वाले गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय हमलों के हताहतों का विस्तृत रिकॉर्ड रखता है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियां और स्वतंत्र विशेषज्ञ इन आंकड़ों को सामान्यतः विश्वसनीय मानते हैं। हालांकि मंत्रालय नागरिकों और चरमपंथियों के हताहतों का अलग-अलग ब्यौरा जारी नहीं करता।
इजराइल का कहना है कि चरमपंथियों की ओर से सैनिकों पर गोलीबारी और युद्धविराम के अन्य उल्लंघनों के जवाब में ये हमले किए जा रहे हैं। युद्धविराम लागू होने के बाद से पांच इजराइली सैनिक भी मारे गए हैं।
सात अक्टूबर, 2023 को चरमपंथियों की ओर से इजराइल पर किए गए हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इजराइल की जवाबी सैन्य कार्रवाई में अब तक 73,058 से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। इनमें युद्धविराम लागू होने के बाद मारे गए लोग भी शामिल हैं।
एपी रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश