केतन अग्रवाल के पिता को बेटे की हत्या की साजिश में सिया के परिजनों की भूमिका का संदेह

Ads

केतन अग्रवाल के पिता को बेटे की हत्या की साजिश में सिया के परिजनों की भूमिका का संदेह

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 09:20 AM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 09:20 AM IST

पुणे, 22 सितंबर (भाषा) पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने संदेह जताया है कि उनके बेटे की हत्या की साजिश में उसकी मंगेतर सिया गोयल के परिवार के सदस्य भी शामिल थे।

केतन को जून में यहां एक चट्टान से कथित रूप से धक्का देकर मार दिया गया था। इस मामले में उसकी मंगेतर सिया और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप है।

विशाल अग्रवाल ने सोमवार को ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में आरोपियों के लिए मृत्युदंड की मांग की।

अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने मामले में दाखिल आरोपपत्र की प्रति हासिल करने के लिए अदालत का रुख किया है और उज्ज्वल निकम को विशेष सरकारी अभियोजक नियुक्त करने संबंधी अधिसूचना जारी करने का अनुरोध किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अभी तक आरोपपत्र नहीं पढ़ा है। इसे पढ़ने के बाद ही मैं कोई टिप्पणी करूंगा। हम इसकी प्रति हासिल करने के लिए पहले ही अदालत से संपर्क कर चुके हैं।’’

अग्रवाल ने हत्या की साजिश में सिया गोयल के परिवार के अन्य सदस्यों की कथित संलिप्तता का संदेह जताया।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे शक है कि सिया के पिता, मां, भाई और अन्य रिश्तेदार केतन की हत्या की साजिश में शामिल हैं। आरोपपत्र पढ़ने के बाद ही मैं इस बारे में टिप्पणी कर पाऊंगा।’’

सिया के सह-आरोपी चेतन चौधरी के साथ कथित तौर पर गुपचुप तरीके से शादी करने संबंधी खबरों का जिक्र करते हुए अग्रवाल ने सवाल किया कि यदि ये खबरें सही हैं, तो उसके परिवार ने उसकी शादी केतन के साथ कराने की कोशिश क्यों की थी।

उन्होंने कहा कि हत्या के मामले की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है।

अग्रवाल ने यह भी बताया कि उन्होंने इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में कराने और निकम को विशेष सरकारी अभियोजक नियुक्त करने का अनुरोध किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक मुझे इनमें से किसी भी मांग पर कोई ठोस स्पष्टीकरण नहीं मिला है। मैं सरकार से आवश्यक अधिसूचना जारी करने का एक बार फिर अनुरोध करूंगा।’’

उन्होंने कहा कि उनकी एकमात्र मांग है कि उनके बेटे की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को मृत्युदंड दिया जाए।

पुणे ग्रामीण पुलिस ने शनिवार को सिया गोयल, चेतन चौधरी और उसके दोस्त ऋतेश हांगे के खिलाफ 5,000 से अधिक पन्नों का विस्तृत आरोपपत्र दाखिल किया।

केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले से नीचे धक्का दिए जाने के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद गोयल, चौधरी और हांगे को गिरफ्तार कर लिया गया था।

इससे पहले एक अधिकारी ने आरोपपत्र में दर्ज विवरण का हवाला देते हुए बताया था कि तीनों आरोपियों ने ‘माही’ के नाम से बनाए गए एक फर्जी इंस्टाग्राम खाते का कथित तौर पर इस्तेमाल किया था। इसके जरिए केतन को 18 जून को सिया को लोहगढ़ किले ले जाने के लिए राजी किया गया, जहां उसे चट्टान से कथित तौर पर धक्का दे दिया गया जिससे उसकी मौत हो गई।

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी