मुंबई, सात मई (भाषा) बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बृहस्पतिवार को बताया कि जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना अभियान में मुंबई शहर और उसके उपनगरों में अब तक 70,000 से अधिक नागरिकों ने भाग लिया है।
बीएमसी ने एक विज्ञप्ति में नगर आयुक्त अश्विनी भिडे द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक के बाद कहा कि कुल 70,657 प्रतिभागियों में से 24,285 महानगर से और 46,372 अन्य उपनगरों से हैं।
जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत आयोजित की जा रही स्व-गणना प्रक्रिया बीएमसी की सीमा में एक मई से शुरू हो गई है और 15 मई तक जारी रहेगी।
विज्ञप्ति के अनुसार, भिडे ने बीएमसी कर्मचारियों से स्व-गणना प्रक्रिया के लिए राजदूत के रूप में काम करने और मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन तथा बस डिपो जैसे सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों के बीच जागरूकता फैलाने की अपील की।
इसमें कहा गया है कि उन्होंने अधिकारियों को नागरिक सुविधा केंद्रों, प्रशासनिक कार्यालयों, सहकारी आवास समितियों और सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से जागरूकता अभियान तेज करने का भी निर्देश दिया ताकि इस अभ्यास में जनता की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा सके।
इसमें कहा गया है कि घर-घर जाकर जनगणना करने का दूसरा चरण 16 मई से 14 जून तक आयोजित किया जाएगा।
भाषा यासिर रंजन
रंजन