ताशकंद, सात मई (भाषा) भारत की अंडर-17 लड़कियों ने बृहस्पतिवार को यहां एशियाई मुक्केबाजी अंडर-15 और अंडर-17 चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 पदक पक्के कर लिए।
राखी (46 किग्रा) ने चीनी ताइपे की मुक्केबाज पर 5-0 से जीत हासिल की जबकि खुशी (48 किग्रा) ने कोरिया की मुक्केबाज के खिलाफ पहले राउंड में ही आरएससी (रैफरी द्वारा मुकाबला रोकना) से जीत हासिल की। ममता (52 किग्रा) ने भी आरएससी से जीत दर्ज की।
लक्ष्मी (54 किग्रा) ने मंगोलिया की मुक्केबाज को तीसरे राउंड में आरएससी से जबकि नव्या (57 किग्रा) ने चीन की प्रतिद्वंद्वी को 5-0 से हरा दिया।
इशिका (60 किग्रा) ने जीत का सिलसिला जारी रखते हुए दूसरे राउंड में आरएससी जीत पक्की की।
भारतीय दल ने बाद के मुकाबलों में भी कई शानदार जीतें हासिल कीं जिसमें हरनूर (66 किग्रा) और हिमांशी (70 किग्रा) की जीत के अलावा ज्योति (75 किग्रा) प्रतिद्वंद्वी के अयोग्य घोषित होने के बाद अगले दौर में पहुंचीं।
गुरसीरत (80+ किग्रा) ने 4-0 की जीत के साथ सिलसिला जारी रखा।
दिन की एकमात्र हार ओवी (50 किग्रा) को मिली।
लड़कों की वर्ग में नरेंद्र कुमार नेला (44-46किग्रा) ने आरएससी की जीत के साथ सभी को प्रभावित किया।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर