छत्तीसगढ़ : रायगढ़ जिले में अफीम की अवैध खेती का मामला, एक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ : रायगढ़ जिले में अफीम की अवैध खेती का मामला, एक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़  : रायगढ़ जिले में अफीम की अवैध खेती का मामला, एक गिरफ्तार
Modified Date: March 20, 2026 / 09:06 pm IST
Published Date: March 20, 2026 9:06 pm IST

रायगढ़, 20 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने अफीम की अवैध खेती करने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इससे पहले, राज्य के दुर्ग और बलरामपुर जिले में भी अफीम की अवैध खेती पकड़ी गई थी। पिछले 15 दिनों में इस तरह का यह चौथा मामला है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आमाघाट गांव में नदी किनारे लगभग एक एकड़ भूमि में अफीम की अवैध खेती का पता चला।

उन्होंने बताया कि पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली तब पुलिस दल मौके पर पहुंचा और एक आरोपी मार्शल सांगा (40) को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने अफीम की फसल को जब्त कर लिया है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी झारखंड राज्य के खुंटी जिले का निवासी है और उसकी शादी तमनार क्षेत्र की सुषमा खलखो से हुई है। वह पिछले कुछ वर्षों से ससुराल में रहकर, स्थानीय किसानों से तरबूज़, ककड़ी और सब्जी उगाने के नाम पर खेत किराये पर ले रहा था और गोपनीय तरीके से अफीम की अवैध खेती कर रहा था।

उन्होंने बताया कि तमनार पुलिस आरोपी मार्शल सांगा को हिरासत में लेकर पुछताछ कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है। अफीम की अवैध खेती जैसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिला पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस महीने की सात तारीख को पुलिस ने राज्य के दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का मामला पकड़ा था। बाद में इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निलंबित नेता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था।

वहीं, राज्य के बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में 10 मार्च को तथा कोरंधा क्षेत्र में 12 मार्च को अफीम की अवैध खेती का मामला पकड़ा गया। पुलिस ने कुसमी से सात तथा कोरंधा से दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे नशीले पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।

भाषा

सं, संजीव रवि कांत


लेखक के बारे में