नागपुर के जलशोधन संयंत्र में क्लोरीन गैस का रिसाव, कई लोग अस्पताल में भर्ती
नागपुर के जलशोधन संयंत्र में क्लोरीन गैस का रिसाव, कई लोग अस्पताल में भर्ती
नागपुर, 24 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार आधी रात के कुछ समय बाद एक जलशोधन संयंत्र में क्लोरीन गैस का रिसाव होने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गैस के संपर्क में आने से कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नागपुर नगर निगम (एनएमसी) के अनुसार, यह रिसाव रात करीब एक बजे गोधनी गांव स्थित जलशोधन संयंत्र में 900 किलोग्राम क्षमता वाले क्लोरीन गैस सिलेंडर से हुआ।
एनएमसी ने बताया कि गैस आसपास के रिहायशी इलाकों में फैल गई, जिसके बाद कई लोगों ने खांसी और सांस लेने में परेशानी की शिकायत की।
पुलिस ने बाद में 200 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और प्रभावित क्षेत्र को सील कर दिया।
एनएमसी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि आसपास की बस्तियों के निवासियों को वहां से दूर जाने के लिए कहा गया और कई लोगों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलने के बाद नगर निगम के दमकलकर्मी पानी के दो टैंकर और श्वसन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। नागपुर में पेयजल की आपूर्ति करने वाली ऑरेंज सिटी वाटर प्राइवेट लिमिटेड (ओसीडब्ल्यू) के कर्मचारियों और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम को भी सहायता के लिए बुलाया गया।
नगर निकाय के मुताबिक, सुबह करीब साढे पांच बजे रिसाव बंद होने के बाद एनडीआरएफ की टीम, दमकलकर्मियों और ओसीडब्ल्यू के कर्मचारियों ने क्लोरीन गैस के सिलेंडर को कास्टिक सोडा मिले पानी से भरे एक टैंक में रख दिया।
मनकापुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों ने 200 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और इलाके की घेराबंदी कर दी।
उन्होंने कहा कि कई लोग खुद अस्पताल पहुंचे, जबकि कई अन्य लोगों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है।
भाषा रंजन पारुल
पारुल

Facebook


