मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को जलवायु परिवर्तन को ‘तत्काल शासन संबंधी चुनौती’ करार दिया साथ ही कहा कि मुंबई जैसे तटीय शहर अब चरम मौसमीय स्थितियों के सीधे प्रभाव का सामना कर रहे हैं।
‘मुंबई क्लाइमेट वीक’ (एमसीडब्ल्यू) के उद्घाटन के अवसर पर फडणवीस ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए मजबूत कार्यान्वयन, निवेश और वैश्विक साझेदारी का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने तीन दिवसीय कार्यक्रम ‘एमसीडब्ल्यू’ का उद्घाटन किया, जिसमें संगोष्ठी, कार्यशालाएं, केस स्टडी और चर्चाएं शामिल होंगी।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मुंबई जैसे तटीय शहरों पर अत्यधिक बारिश, लू और बेमौसम बारिश जैसे जलवायु परिवर्तन का सीधा असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन शासन के लिए एक ऐसी चुनौती बन गया है जिसके लिए त्वरित और निरंतर कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आर्थिक विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के बीच संतुलन बनाते हुए नवीकरणीय ऊर्जा की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। इसी के साथ महाराष्ट्र वर्ष 2030 तक हरित ऊर्जा में 50 प्रतिशत से अधिक की हिस्सेदारी हासिल करने की दिशा में काम कर रहा है।
इसी के साथ उन्होंने बाढ़ नियंत्रण प्रणालियों को मजबूत करने, डेटा-आधारित मौसम पूर्वानुमान विकसित करने और आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार जलवायु-अनुकूल कृषि और कुशल जल प्रबंधन उपायों को प्राथमिकता दे रही है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना