नागपुर, 17 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के वर्धा जिले में मंगलवार सुबह नयी दिल्ली-चेन्नई ग्रांट ट्रंक एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लग गई। रेलवे के अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
सेंट्रल रेलवे के प्रवक्ता संजय मुले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ट्रेन 12616 नई दिल्ली-चेन्नई (तंबरम) ग्रांट ट्रंक एक्सप्रेस सुबह नागपुर से रवाना हुई। वर्धा के सिंधी रेलवे स्टेशन की ओर जाते समय सुबह 11:09 बजे ट्रेन के आखिरी गार्ड कोच में धुआं देखा गया।
उन्होंने बताया कि ट्रेन को सिंधी-तुलजापुर खंड पर रोक दिया गया, प्रभावित डिब्बे को तुरंत अलग कर दिया गया और दमकल कर्मियों को बुलाया गया।
अधिकारी ने बताया कि ट्रेन और उस डिब्बे में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। विस्तृत जांच के बाद आग लगने का कारण पता चलेगा।
अधिकारी ने बताया कि प्रभावित डिब्बे के बिना ट्रेन कुछ समय बाद रवाना होगी।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा