हिंगोली (महाराष्ट्र), 18 अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को जिले के एक गांव स्थित सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों से कक्षा में कथित तौर पर झाड़ू लगवाने पर कड़ी आपत्ति जताई।
दीपके अपने गृह जिले के धेगज गांव पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि छात्र स्वयं अपनी कक्षा में झाड़ू लगाते हैं। उनकी पार्टी ने पिछले सप्ताह ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू किया था।
एक वीडियो में उन्हें शिक्षकों से यह पूछते हुए देखा गया, ‘‘यह पूरी तरह से गलत है… जब सफाई कर्मचारी हैं, तो बच्चे कक्षाओं में झाड़ू क्यों लगा रहे हैं?’’
शिक्षकों ने दावा किया कि उन्होंने बच्चों से ऐसा करने के लिए नहीं कहा था।
हालांकि, दीपके ने तर्क दिया कि छात्र खुद से कक्षा में झाड़ू नहीं लगाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘ग्रामीणों को भी सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसा दोबारा न हो।’’
बातचीत के दौरान छात्रों ने अपनी मांगें भी रखीं।
एक छात्र ने कहा, ‘‘हमें कॉपियां, पेन और जूते चाहिए।’’
दीपके ने आश्वासन दिया कि ये चीजें उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम कक्षा में ट्यूबलाइट और नया ब्लैकबोर्ड भी लगवाएंगे।’’
जिले के सिद्धेश्वर गांव स्थित एक अन्य सरकारी स्कूल पहुंचने के दौरान उन्होंने दावा किया कि वहां के छात्रों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि स्कूल में पानी का फिल्टर तो है, लेकिन वह पिछले तीन वर्षों से बंद पड़ा है।
दीपके ने कहा, ‘‘यहां के छात्र दूषित पानी पी रहे हैं… बारिश होने पर स्कूल का टिन शेड टपकता है। छात्रों का कहना है कि बारिश होने पर वे एक-दूसरे से सटकर बैठ जाते हैं और शिक्षक का कहना है कि उन्हें दूसरी कक्षा में स्थानांतरित कर दिया जाता है।’’
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने स्कूल की चारदीवारी और कुछ अन्य सुविधाओं के निर्माण के लिए खुद से 10 से 12 लाख रुपये खर्च किए।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर ग्रामीणों को ही यह सब करना है, तो हमें सरकार चुनने की क्या जरूरत है? हमें चुनावों की क्या जरूरत है? ग्रामीण खुद ही प्रबंध कर सकते हैं।’’
भाषा खारी दिलीप
दिलीप