मुंबई, 24 मार्च (भाषा) कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने मंगलवार को चंद्रपुर जिले में छह नाबालिग लड़कियों के लापता होने के मामले का हवाला देते हुए दावा किया कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है।
उन्होंने विधानसभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर इस मुद्दे को उठाया और तत्काल एक विशेष खोज टीम के गठन की मांग की। साथ ही, इस संबंध में विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता बढ़ाने के उपाय करने का भी आह्वान किया।
वडेट्टीवार ने चंद्रपुर के ब्रह्मपुरी के एक मामले का उल्लेख किया, जहां हाल ही में कक्षा 10वीं और 12वीं की छह नाबालिग लड़कियां लापता हो गई थीं।
उन्होंने पूछा, ‘अब तक केवल दो लड़कियों का पता चल पाया है जबकि चार अभी भी लापता हैं। सरकार सीसीटीवी प्रणाली पर करोड़ों खर्च करती है लेकिन तालुका स्तर पर ये तंत्र कहां हैं?’
कांग्रेस नेता ने मराठवाड़ा क्षेत्र में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के प्रभाव पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नांदेड़, हिंगोली, धाराशिव और छत्रपति संभाजीनगर जैसे जिलों में रबी की फसल को भारी नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस बेमौसमी असर की वजह से किसान नुकसान झेल रहे हैं और सरकार कर्ज माफी के बारे में ‘खोखले दावे’ कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के कारण दो व्यक्तियों और 41 पशुओं की मौत की खबर है। उन्होंने इस संबंध में त्वरित सर्वेक्षण कराकर प्रभावित किसानों को तत्काल वित्तीय सहायता दने की मांग की।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश