सीओपी30 के लक्ष्य मुंबई जलवायु सप्ताह पहल के अनुरूप: यूएनएफसीसी अधिकारी

Ads

सीओपी30 के लक्ष्य मुंबई जलवायु सप्ताह पहल के अनुरूप: यूएनएफसीसी अधिकारी

  •  
  • Publish Date - February 18, 2026 / 11:55 AM IST,
    Updated On - February 18, 2026 / 11:55 AM IST

(अपर्णा बोस)

मुंबई, 18 फरवरी (भाषा) संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन (यूएनएफसीसीसी) के तहत आयोजित होने वाले वार्षिक अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन ‘कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज’ (सीओपी) के एक अधिकारी ने कहा कि सीओपी के कुछ लक्ष्य मुंबई जलवायु सप्ताह पहल के अनुरूप हैं।

मुंबई जलवायु सप्ताह (एमसडब्ल्यू) में हिस्सा लेने आए वर्तमान में सीओपी30 ‘प्रेसीडेंसी’ (ब्राजील) में मुख्य रणनीति एवं समन्वय अधिकारी टुलियो एंड्रेड ने ‘पीटीआई-वीडियो’ के साथ साक्षात्कार में कहा कि उद्घाटन पूर्ण सत्र ने एक मजबूत संदेश दिया है कि जलवायु परिवर्तन न केवल स्थायी है बल्कि भविष्य का एक रुझान भी है, जो कि सीओपी30 में भी परिलक्षित होती है।

एंड्रेड ने बताया, ‘‘सीओपी30 के दो लक्ष्य हैं जो हमें लगता है कि मुंबई जलवायु सप्ताह पहल के अनुरूप हैं। पहला, यह विचार कि जलवायु एजेंडा को लोगों से, विशेषकर सबसे कमजोर वर्ग से, जोड़ना आवश्यक है ताकि गरीबी और भूख से निपटा जा सके। दूसरा है व्यवसायों, निजी क्षेत्र, वित्तीय केंद्रों और अन्य हितधारकों के साथ जुड़ाव के माध्यम से जलवायु कार्रवाई समझौतों को गति देना।

एमसीडब्ल्यू, तीन दिवसीय कार्यक्रम (17 से 19 फरवरी) है, जिसका उद्देश्य ‘ग्लोबल साउथ’ क्षेत्र और उसकी अर्थव्यवस्थाओं पर केंद्रित जलवायु समाधानों का पता लगाना है।

ब्राजील के विदेश मंत्रालय में जलवायु वार्ता के प्रमुख के रूप में भी कार्य कर चुके एंड्रेड ने ‘पीटीआई’ को बताया, ‘‘दोनों देशों ने सीओपी30 में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लक्ष्य जलवायु संबंधी कार्यों को गति देना है, जिसमें डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना भी शामिल है।’’

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सतत जैव ईंधन का एजेंडा भारत और ब्राजील के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है क्योंकि यह जीवाश्म ईंधन से दूर जाने के क्रम में एक प्रमुख प्रेरक है।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना