पुणे, एक जून (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने महाराष्ट्र विधान परिषद की पुणे सीट पर जून 18 को होने वाले चुनाव के लिए सोमवार को विक्रम काकड़े को उम्मीदवार घोषित किया।
काकड़े और उनके पिता व पूर्व राज्यसभा सदस्य संजय काकड़े सोमवार को ही सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा में शामिल हुए हैं।
विक्रम काकड़े ने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा के बाद नामांकन पत्र दाखिल किए। दूसरी ओर पार्टी की पुणे इकाई के अध्यक्ष सुनील टिंगड़े ने भी नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
स्थानीय स्वशासन निकायों से विधान परिषद की 16 सीट के लिये चुनाव और नागपुर स्वशासन निकाय से एक सीट पर उपचुनाव 18 जून को होना तय हुआ है। सोमवार नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन था।
राकांपा के प्रवक्ता उमेश पाटिल ने कहा कि काकड़े आधिकारिक उम्मीदवार हैं, जबकि टिंगड़े ‘समर्थक’ (डमी) उम्मीदवार हैं।
उन्होंने कहा, “पार्टी में कोई भ्रम नहीं है।”
विक्रम काकड़े और उनके पिता संजय काकड़े सोमवार को उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके पुत्र व सांसद पार्थ पवार और जय पवार की उपस्थिति में राकांपा में शामिल हुए।
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद, टिंगड़े ने कहा कि यह कोई “डमी” आवेदन नहीं है।
उन्होंने कहा, “मैंने आज नामांकन पत्र भरा और जमा किया है। यह किसी डमी आवेदन जैसा नहीं है। दूसरे लोग जो कुछ भी कह रहे हैं, मैं उस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। मैं पार्टी के निर्णय का पालन करूंगा।” इस अवसर पर संजय काकड़े ने कहा कि उनका दिवंगत अजित पवार के साथ कई वर्षों तक करीबी संबंध रहा। उन्होंने कहा, “अजित दादा के बच्चों ने भी हमेशा मेरे प्रति स्नेह दिखाया है। मेरे मन में भी उनके प्रति स्नेह और सम्मान है। वही संबंध और स्नेह मेरे राकांपा में शामिल होने का मुख्य कारण हैं। मैं पार्टी नेतृत्व के निर्देशों का पालन करूंगा।”
विक्रम काकड़े ने अपनी उम्मीदवारी के लिए सुनेत्रा पवार और राकांपा को धन्यवाद दिया।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप