पुणे जिले में महाराष्ट्र रोडवेज की बस पलटी, चार स्कूली बच्चे घायल

Ads

पुणे जिले में महाराष्ट्र रोडवेज की बस पलटी, चार स्कूली बच्चे घायल

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 02:03 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 02:03 PM IST

पुणे, 16 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक बस बुधवार को पुणे जिले में तकनीकी खराबी के बाद पलट गई, जिससे चार स्कूली बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसा खेड़गांव और सुपा के बीच घाट क्षेत्र में हुआ।

पुलिस के अनुसार, बस चढ़ाई वाले हिस्से पर थी और तकनीकी खराबी के कारण आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद बस पीछे की ओर लुढ़कने लगी और फिर पलट गई। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर छात्र थे।

पुणे ग्रामीण पुलिस के दौंड संभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हादसे में चार स्कूली बच्चे घायल हुए हैं।’’

उन्होंने बताया कि मामूली रूप से घायल दो बच्चों का खेड़गांव के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि दो अन्य को आगे के उपचार के लिए लोनी कालभोर के एक अस्पताल में भेजा गया है।

अधिकारी ने बताया कि बस में सवार अन्य बच्चे सुरक्षित हैं और वे अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने-अपने घर चले गए।

अधिकारियों ने बताया कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को घायल छात्रों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

भाषा मनीषा

मनीषा