मुंबई, 12 फरवरी (भाषा) सीमा शुल्क विभाग ने लंदन से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर पहुंचे एक यात्री से स्वर्ण और चांदी के प्राचीन सिक्के जब्त किए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि जब्त वस्तुओं में ईस्ट इंडिया कंपनी के बंगाल प्रेसीडेंसी (मुर्शिदाबाद टकसाल, शाह आलम द्वितीय के नाम, एएच 1202/आरवाई 19) की 12.37 ग्राम वजनी स्वर्ण मोहर, प्राचीन कुषाण साम्राज्य (हुविष्क) का आठ ग्राम वजनी स्वर्ण दीनार और मुगल काल (जहांगीर, राशि चिह्न कर्क, अहमदाबाद टकसाल) का 11.44 ग्राम वजनी रजत रुपया शामिल है।
अधिकारी ने कहा, “प्राचीन स्वर्ण और चांदी के सिक्कों की यात्री के ट्रॉली बैग के अंदर छिपाकर तस्करी की जा रही थी। मुंबई सीमा शुल्क के हवाई अड्डा आयुक्तालय ने 10 फरवरी को एक अभियान चलाया और संदेह के आधार पर यात्री को रोका। वह नौ फरवरी को लंदन से वर्जिन अटलांटिक एयरलाइंस की उड़ान से यहां पहुंचा था।”
अधिकारी ने कहा कि सिक्कों की तस्करी एक नए तरीके से की जा रही थी और इस गिरोह तथा यात्री के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
उन्होंने कहा, “जब्त सिक्कों के बाजार मूल्य का आकलन किया जा रहा है। यात्री के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।”
भाषा नोमान नरेश
नरेश