(फाइल फोटो के साथ)
मुंबई, छह सितंबर (भाषा) मुंबई में शनिवार को कई स्थानों पर दही हांडी का आयोजन हुआ और इस दौरान एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई, जबकि 376 ‘गोविंदा’ घायल हो गए। नगर निकाय के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर पूरे महाराष्ट्र में शनिवार को कई जगह दही हांडी का आयोजन किया गया।
इन परंपरागत आयोजनों के तहत ‘गोविंदा’ यानी प्रतिभागी ऊंचाई पर लटकाई गई दही से भरी मिट्टी की हांडी को कई स्तर वाले मानव पिरामिड बनाकर फोड़ते हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार दोपहर मालवणी के चिकुवाड़ी स्थित एकता वेलफेयर सोसाइटी में बच्चों का एक समूह अपने स्तर पर दही हांडी मना रहा था, तभी ईंटों से बना एक खंभा गिरने से सात वर्षीय लड़के की मौत हो गई।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि कुल 376 ‘गोविंदा’ घायल हुए और सबसे अधिक 183 घायलों को दक्षिण मुंबई के अस्पतालों में लाया गया। पश्चिमी उपनगरों में 126 और पूर्वी उपनगरों में 62 लोगों के घायल होने की सूचना मिली।
बीएमसी ने बताया कि घायलों में से 53 अस्पताल में भर्ती हैं, 37 अन्य का भी उपचार जारी है, जबकि 286 लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना