मुंबई, छह सितंबर (भाषा) मुंबई के धारावी इलाके में एक कमरे के अंदर एलपीजी सिलेंडर में आग लगने से दो बच्चों समेत चार लोग झुलस गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार आधी रात के करीब सायन-धारावी लिंक रोड पर राजीव गांधी स्पोर्ट्स क्लब के पास स्थित दो मंजिला इमारत के एक कमरे में हुई।
नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि आग केवल एलपीजी सिलेंडर तक सीमित थी और दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने रात 12 बजकर 10 मिनट तक आग पर काबू पा लिया था।
अधिकारी के अनुसार, घटना में चार और पांच साल के दो बच्चे तथा 19 और 30 साल के दो अन्य लोग झुलस गए। दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही पुलिस चारों को सायन अस्पताल ले गयी।
शनिवार रात को ही आग लगने की एक और घटना सामने आयी। यह आग रात 11 बजकर 33 मिनट पर लैमिंगटन रोड स्थित एक मंजिला सरस्वती भवन के भूतल पर बने गोदाम में लगी।
नगर निकाय के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि दमकलकर्मियों ने आठ घंटे से अधिक समय तक प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी