मुंबई, 28 अप्रैल (भाषा) दक्षिण मुंबई में संदिग्ध खाद्य विषाक्तता से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत के मामले में, पीड़ितों द्वारा खाए गए ‘चिकन पुलाव’, तरबूज और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने रासायनिक जांच के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस के अनुसार, डोकाडिया परिवार ने शनिवार रात घारी मोहल्ला में इस्माइल कुर्ते रोड पर स्थित घर में पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन किया था, जिसमें उन्होंने अपने रिश्तेदारों को आमंत्रित किया था।
उन्होंने बताया कि मेहमानों के जाने के कुछ घंटों बाद, रात करीब एक बजे, परिवार ने फल खाया था।
उन्होंने बताया कि इस दौरान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन (35), और उनकी बेटियां आयशा (16) और जैनब (13) को रविवार तड़के गंभीर उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि बाद में उन्हें जे जे अस्पताल भेजा गया जहां उपचार के दौरान चारों की मौत हो गई।
एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने डोकाडिया के घर की तलाशी ली और परिवार के अंतिम भोजन से जुड़े सभी खाद्य पदार्थों—जैसे चिकन पुलाव, तरबूज, पानी और अन्य वस्तुओं—के नमूने एकत्र किए, जिन्हें कलिना स्थित फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में रासायनिक जांच के लिए भेजा जाएगा ।
मामले की जांच कर रहे जेजे मार्ग पुलिस थाने के एक अधिकारी ने उन पांच मेहमानों के बयान भी दर्ज किए हैं जो उस मिलन समारोह में शामिल हुए थे।
अधिकारियों के अनुसार, मेहमानों ने अपने बयान में बताया कि उन्होंने भी पुलाव खाया था, लेकिन उन्हें उल्टी या दस्त जैसी कोई समस्या नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला खाद्य विषाक्तता का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच सभी पहलुओं से कर रही है।
अधिकारी ने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और चकित्सकों ने अपनी कोई राय व्यक्त नहीं की है। उन्होंने बताया कि चारों शवों का विसरा रासायनिक जांच के लिये प्रयोगशाला में भेजे गये हैं ।
भाषा रंजन पवनेश
पवनेश