अमरावती, 20 सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जरूरी चीजों की कीमतों को नियंत्रण में रखें और किसानों को ‘अल नीनो’ के प्रभाव से बचाएं।
मुख्यमंत्री ने टेलीकॉन्फ्रेंस के दौरान ‘अल नीनो’ से निपटने के लिए बनाई गई कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजना के अनुसार उपाय लागू करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हमने पहले ही ‘अल नीनो’ की स्थितियों का अनुमान लगा लिया है। सभी को पहले से बनी योजना के अनुसार काम करना चाहिए… किसानों को ‘अल नीनो’ के असर से बचाना है। साथ ही जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों पर भी लगाम लगाना है।’’
नायडू ने अधिकारियों को चावल, प्याज, पामोलिन और अन्य जरूरी चीजों की कीमतें नियंत्रण में रखने का निर्देश दिया।
गोदाम में मौजूद चावल के भंडार की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कीमतें कम करने के लिए इसे बाजार में लाया जाना चाहिए।
कीमतों को काबू में रखने के लिए अलग-अलग जगहों से प्याज मंगाए जाने का जिक्र करते हुए तेदेपा प्रमुख ने भविष्य में बाजार की मांग के आधार पर प्याज की खेती करने का आह्वान किया।
नायडू ने ‘अल नीनो’ को चुनौती मानते हुए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे किसानों और अन्य संबंधित लोगों के साथ मिलकर इसके असर से निपटने के लिए काम करें।
‘अल नीनो’ एक प्राकृतिक जलवायु घटनाक्रम है, जिसमें मध्य और पूर्वी प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह का तापमान औसत से काफी अधिक गर्म हो जाता है।
भाषा नेत्रपाल पारुल
पारुल