‘धुरंधर’ से निर्देशकों की एक नयी पीढ़ी का उदय होगा: राम गोपाल वर्मा
‘धुरंधर’ से निर्देशकों की एक नयी पीढ़ी का उदय होगा: राम गोपाल वर्मा
मुंबई, 20 मार्च (भाषा) राम गोपाल वर्मा ने अपनी फिल्म ‘सत्या’ से ‘धुरंधर’ की तुलना करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि 1998 की गैंगस्टर ड्रामा फिल्म आदित्य धर के लिए आधारशिला साबित हुई, जिन्होंने व्यावसायिक फिल्म निर्माण के व्याकरण को बदल दिया है।
वर्मा ने ‘धुरंधर’ और इसके दूसरे भाग ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लिखने वाले, निर्देशन और सह-निर्माण करने वाले धर की जमकर प्रशंसा की है।
रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म का दूसरा भाग 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ और इसने पहले दिन ही 145 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली।
वर्मा ने पीटीआई-भाषा के साथ एक साक्षात्कार में कहा, “धुरंधर सिर्फ एक फिल्म नहीं है, इसने व्याकरण को बदल दिया, लोगों की मानसिकता को बदल दिया। यह निश्चित रूप से निर्देशकों की एक नयी पीढ़ी को जन्म देगी, जो इसे एक मानदंड मानेंगे।’’
फिल्म निर्माता वर्मा अपराध ड्रामा फिल्म ‘सत्या’ से गैंगस्टर शैली में क्रांति लाने के लिए जाने जाते हैं, जिसने हिंदी सिनेमा में यथार्थवाद को फिर से परिभाषित किया और चरित्र-प्रधान कथा शैली को पेश किया।
आदित्य धर द्वारा निर्देशित ‘धुरंधर’ एक जासूसी एक्शन थ्रिलर है जिसमें जसकीरत सिंह रंगी उर्फ हमजा अली मजारी नामक एक भारतीय एजेंट कराची के आपराधिक अंडरवर्ल्ड में गुप्त रूप से प्रवेश करता है और फिर भारत को निशाना बनाने वाले एक आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के लिए काम करता है।
वर्मा ने कहा, ‘‘‘धुरंधर’ देखने के बाद मुझे लगता है कि आज के निर्देशकों में आदित्य बहुत आगे निकल गए हैं।’’
आदित्य धर, ज्योति देशपांडे और लोकेश धर द्वारा निर्मित फिल्म के दूसरे भाग में अभिनेता आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी की वापसी हुई है।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


