पालघर, 27 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व में शुक्रवार को 24 वर्षीय एक युवक की उसकी पत्नी के सामने ही चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि यह घटना व्हाट्सएप डिस्प्ले पिक्चर को लेकर हुए विवाद के कारण हुई। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना हनुमान नगर इलाके में तड़के 4:30 बजे हुई।
उन्होंने कहा, ‘मेहंदी हसन शेख (25) ने अपने बेटे की व्हाट्सएप डीपी को लेकर हुए झगड़े के बाद आफताब शेख की पत्नी के सामने ही उस पर चाकू से हमला कर दिया। आफताब की मौके पर ही मौत हो गई।’
इलाके के निवासियों ने दावा किया कि मेहंदी एक बांग्लादेशी नागरिक था जिसने पहले एक गंभीर अपराध के लिए सजा काटी थी, हालांकि एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इन सभी पहलुओं की वर्तमान में जांच की जा रही है।
नालासोपारा पुलिस थाना के अधिकारी ने बताया कि मेहंदी को अपराध के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया था और उस पर हत्या का आरोप लगाया गया है।
भाषा तान्या माधव
माधव