ठाणे, 10 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना के नेताओं ने पेड़ गिरने की घटना में मारे गए व्यक्ति के परिजनों को सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा है कि उन्हें वित्तीय मुआवजा दिलाने और मृतक के कानूनी उत्तराधिकारी को नौकरी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पांडुरंग भुवड (64) छह जुलाई को उनके ऊपर पेड़ गिर जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद स्थानीय पार्षद विकास रेपाले और नम्रता भोसले-जाधव उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गए थे लेकिन उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई थी।
रेपाले ने बताया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे नगर निगम को भुवड के परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि भुवड परिवार को वित्तीय सहायता देने और उनके विधिक उत्तराधिकारी को नौकरी देने के लिए नगर निकाय की आगामी आम सभा में एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी