नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने टेम्पो को मारी टक्कर, आठ महिला मजदूरों की मौत
नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने टेम्पो को मारी टक्कर, आठ महिला मजदूरों की मौत
जालना (महाराष्ट्र), एक अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के जालना जिले में नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक टेम्पो को टक्कर मार दी, जिसमें आठ महिला श्रमिकों की मौत हो गई और तीन अन्य व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम पूरा करने के बाद महिलाओं के एक समूह के घर लौटने के दौरान घटी।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘टेम्पो में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे। जैसे ही वाहन चलने वाला था, मुंबई की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कडवांची गांव में पीछे से टक्कर मार दी।”
उन्होंने बताया कि सात महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने जालना के सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान अलकाबाई अदमाने (45), लक्ष्मीबाई मदन (35), मीणा अदमाने (45), कंचन अदमाने (50), ताराबाई चौधरी (60), कडुबाई मदन (55) और सुमन अदमाने (70) के रूप में की गई है। ये सभी जालना तहसील की निवासी हैं।
फिलहाल आठवें मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। तीन घायल व्यक्तियों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
भाषा यासिर अमित
अमित

Facebook


