मुंबई, 22 जून (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने सोमवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने ‘‘छह गद्दारों को जन्म दिया है।’’
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के छह बागी सांसदों के सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल होने के बाद राउत ने यह टिप्पणी की।
राउत ने कहा कि एक केन्याई महिला के नाम एक साथ पांच बच्चों को जन्म देने का रिकॉर्ड है, लेकिन शिंदे के सरकारी आवास ‘नंदनवन’ में छह गद्दारों का पालना झूल रहा है।
उन्होंने कटाक्ष किया, ‘‘(एकनाथ) शिंदे ने छह गद्दारों को जन्म दिया है।’’
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ‘‘ऑपरेशन टाइगर’’ पर टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर राउत ने कटाक्ष करते हुए कहा कि शिंदे ने ‘‘सिजेरियन सर्जरी’’ करवाई है।
फडणवीस ने रविवार को कहा था कि ऑपरेशन सफल रहा है और शरीर की हालत बहुत अच्छी है। उन्होंने कहा था, ‘‘किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। जिन्हें आत्ममंथन करने की जरूरत है, उन्हें ऐसा करना चाहिए।’’
शिंदे ने सोमवार को घोषणा की कि ‘‘ऑपरेशन टाइगर पूरा हो गया है’’, क्योंकि शिवसेना (उबाठा) के सभी छह बागी लोकसभा सदस्य आधिकारिक तौर पर शिवसेना में शामिल हो गए हैं, जिससे उद्धव ठाकरे खेमे में एक और टूट की प्रक्रिया पूरी हो गई।
नयी दिल्ली में शिवसेना (उबाठा) के संसदीय दल की एक अहम बैठक में शामिल न होने के पांच दिन बाद, बागी सांसदों ने शिंदे और पार्टी (शिवसेना) के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुए एक कार्यक्रम में शिवसेना का दामन थाम लिया।
संजय देशमुख (यवतमाल), संजय जाधव (परभणी), संजय दीना पाटिल (मुंबई उत्तर पूर्व), नागेश पाटिल-आष्टीकर (हिंगोली), ओमप्रकाश राजे निम्बालकर (धाराशिव), और भाऊसाहेब वाकचौरे (शिरडी) शिवसेना में शामिल हुए हैं।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश
नरेश