वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारी ने मोबाइल फोन और विस्फोटक चुराए, गिरफ्तार
वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारी ने मोबाइल फोन और विस्फोटक चुराए, गिरफ्तार
नागपुर, दो सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में बुधवार को एक कोयला खदान कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया। उस पर कार्यस्थल से तीन मोबाइल फोन और दो विस्फोटक चुराने का आरोप है।
आरोपी राजेंद्र रामलाल विश्वकर्मा (35) ने पुलिस को बताया कि उसने यह चोरी इसलिए की क्योंकि उसे मजदूरी नहीं मिली थी। वह छत्तीसगढ़ के बालोद का रहने वाला है।
एक अधिकारी ने बताया कि लकड़गंज पुलिस ने उसे आजमशाह चौक पर एक मोबाइल फोन बेचने की कोशिश करते समय पकड़ लिया।
विश्वकर्मा वरोरा स्थित डब्ल्यूसीएल की कोयला खदान में काम करता था। उसने पुलिस को बताया कि ठेकेदार ने उसे मजदूरी का भुगतान नहीं किया था। इस बात से नाराज होकर उसने ठेकेदार के तीन मोबाइल फोन चुरा लिए और खदान परिसर से दो विस्फोटक भी लेकर फरार हो गया।
इसके बाद वह इन विस्फोटकों के साथ चंद्रपुर से नागपुर तक ट्रेन से गया।
बम निरोधक एवं निपटान दस्ते ने विस्फोटक को निष्क्रिय कर दिया। आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की एक टीम ने भी लकड़गंज थाने का दौरा किया और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
भाषा तान्या रंजन
रंजन

Facebook


