सुनेत्रा को ‘गूंगी गुड़िया’ कहने पर फडणवीस का हमला: सुर्खियों के लिए इतना नीचे न गिरे कांग्रेस
सुनेत्रा को 'गूंगी गुड़िया' कहने पर फडणवीस का हमला: सुर्खियों के लिए इतना नीचे न गिरे कांग्रेस
मुंबई, चार अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल केवल सुर्खियां बटोरने के लिए निचले स्तर की राजनीति कर रहा है। कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को ‘गूंगी गुड़िया’ कहा था।
फडणवीस ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति इस तरह की निम्नस्तरीय टिप्पणियों के जरिये प्रचार हासिल करने के प्रयासों को स्वीकार नहीं करती।
उन्होंने कहा, ‘कुछ लोग केवल खबरों में बने रहने के लिए काम कर रहे हैं। उन्हें लगता है कि बदनाम होकर भी नाम सुर्खियों में आ जाए तो काफी है। यह महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति नहीं है।’
फडणवीस कांग्रेस की उस टिप्पणी से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे, जिसमें महाराष्ट्र कांग्रेस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की अध्यक्ष एवं राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को ‘गूंगी गुड़िया’ कहा था।
राकांपा, भाजपा की सहयोगी और सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन की घटक है।
कांग्रेस ने एक पोस्ट में कहा था, ‘सुनेत्रा पवार, आप और कितने दिन ‘गूंगी गुड़िया’ बनी रहेंगी?’ इस पोस्ट के साथ उसने सुनेत्रा पवार और उनकी पार्टी के सहयोगी धनंजय मुंडे की मौजूदगी वाली एक प्रेस वार्ता का वीडियो भी साझा किया था।
वीडियो में मुंडे को एक पत्रकार के सवाल के बीच में हस्तक्षेप करते देखा गया। सुनेत्रा पवार ने सवाल का जवाब नहीं दिया और मुंडे द्वारा बातचीत समाप्त किए जाने की घोषणा के बाद वहां से चली गईं।
एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) ने खुद अपनी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की पुलिस जांच की मांग की है।
एमपीएससी परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों पर फडणवीस ने घोटाले के दावों को खारिज किया। उन्होंने कहा, ‘यह कोई घोटाला नहीं है। एमपीएससी पहले ही इस पर स्पष्टीकरण दे चुका है। हालांकि आरोप तीन महीने बाद सामने आए, आयोग ने खुद पुलिस में शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की।’
फडणवीस ने कहा कि कार्रवाई पहले ही शुरू हो चुकी है और आश्वासन दिया कि कथित अनियमितताओं की जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘जिस किसी ने भी गलत काम किया है, उसके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। यदि किसी के पास सबूत हैं तो वह उन्हें प्रस्तुत करें। विस्तृत जांच की जाएगी।’
भाषा अमित सुरेश
सुरेश

Facebook


