फडणवीस ने नीट पेपर लीक विरोधी आंदोलन में प्रदर्शनकारियों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के निर्देश दिये
फडणवीस ने नीट पेपर लीक विरोधी आंदोलन में प्रदर्शनकारियों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के निर्देश दिये
मुंबई, 28 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के गृह विभाग से राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुए प्रदर्शनों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी वापस लेने को कहा है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, पिछले सप्ताह अधिकतर प्रदर्शन मुंबई, पुणे और नागपुर में हुए थे।
ये पुलिस मामले कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक विरोधी आंदोलन के समर्थन में किए गए प्रदर्शनों से जुड़े थे। इन मामलों में मुख्य रूप से गैरकानूनी जमावड़े से संबंधित धाराएं लगाई गई थीं।
सूत्रों ने बताया कि गृह विभाग संभाल रहे फडणवीस ने राज्य में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के निर्देश दिए हैं।
बड़ी संख्या में छात्रों, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने मई में हुए नीट पेपर लीक मामले को लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन किए थे। प्रदर्शनकारियों ने तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा क्षेत्र में सुधार की मांग की थी। इनमें से अधिकतर प्रदर्शन 23 और 24 जुलाई को हुए थे।
सोमवार को कॉजपा ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर हालिया आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों की तत्काल रिहाई और पहले से दर्ज सभी प्राथमिकी वापस लेने की मांग की थी। उसने यह भी मांग की थी कि भविष्य में कोई नया मामला दर्ज नहीं किया जाए।
कॉजपा ने चेतावनी दी थी कि यदि सरकार मंगलवार तक लिखित समझौता मुहैया नहीं कराती है, तो वह अपना आंदोलन फिर शुरू करेगा।
इससे पहले, दिन में विपक्षी शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे ने भी नीट पेपर लीक के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोगों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और नोटिस वापस लेने की मांग की थी।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप

Facebook


