शेयर कारोबार का झांसा देकर सिडबी के सेवानिवृत्त अधिकारी से 65.19 लाख रुपये की ठगी

शेयर कारोबार का झांसा देकर सिडबी के सेवानिवृत्त अधिकारी से 65.19 लाख रुपये की ठगी

शेयर कारोबार का झांसा देकर सिडबी के सेवानिवृत्त अधिकारी से 65.19 लाख रुपये की ठगी
Modified Date: July 26, 2026 / 02:52 pm IST
Published Date: July 26, 2026 2:52 pm IST

ठाणे, 26 जुलाई (भाषा) नवी मुंबई में भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) के 73 वर्षीय सेवानिवृत्त महाप्रबंधक से ऑनलाइन शेयर कारोबार के नाम पर 65.19 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई के खरघर निवासी पीड़ित को 23 जून को ठगों ने एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा था। व्हाट्सऐप ग्रुप के प्रशासक ने शेयर कारोबार के जरिए निवेश पर दोगुना लाभ दिलाने का दावा किया। समूह के लोगों को देखकर पीड़ित ने उसे आधिकारिक मंच समझ लिया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ठगों ने पीड़ित को एक लिंक के जरिए फर्जी ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया और उसका विश्वास जीतने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के जाली पंजीकरण प्रमाणपत्र भी साझा किए।’’

उन्होंने बताया कि 30 जून से 22 जुलाई के बीच पीड़ित ने आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में कई किस्तों में कुल 65.19 लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए।

पुलिस के अनुसार, फर्जी ऐप में पीड़ित के खाते में 12.40 करोड़ रुपये की काल्पनिक राशि दिखाई गई। जब पीड़ित ने धनराशि निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने अतिरिक्त 27 लाख रुपये जमा करने की मांग की और ऐसा नहीं करने पर खाता फ्रीज करने की धमकी दी।

इसके बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई साइबर पुलिस ने 24 जुलाई को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), धारा 319(2) (प्रतिरूपण के माध्यम से धोखाधड़ी) और धारा 3(5) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।

भाषा रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में