मुंबई के कुर्ला बेस्ट डिपो में डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस में लगी आग, कोई हताहत नहीं
मुंबई के कुर्ला बेस्ट डिपो में डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस में लगी आग, कोई हताहत नहीं
मुंबई, तीन मई (भाषा) मुंबई के कुर्ला स्थित बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) डिपो में रविवार को एक खाली डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस में आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
मुंबई अग्निशमन दल के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग कुर्ला स्थित कानाकिया बिल्डिंग के पास बेस्ट बस डिपो के भीतर लगी।
इस घटना के समय बस खाली थी और उसे एक तकनीकी खराबी के चलते एक मई को सेवा से हटाकर मरम्मत के लिए डिपो लाया गया था।
बेस्ट के प्रवक्ता ने बताया कि आग डिपो के भूमिगत पार्किंग क्षेत्र में लगी। अपराह्न 3:55 बजे बस से धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद तुरंत अधिकारियों को सूचित किया गया।
उन्होंने बताया कि डिपो के कर्मचारियों ने मौके पर उपलब्ध 10-15 अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई और बस को अपनी चपेट में ले लिया।
अग्निशमन दल और बस नियंत्रण कक्ष को शाम 4:10 बजे सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि आग लगने के समय ‘स्विच मोबिलिटी’ कंपनी का कोई अधिकृत प्रतिनिधि डिपो में मौजूद नहीं था। कंपनी का एक अधिकारी शाम करीब 4:40 बजे मौके पर पहुंचा।
उन्होंने कहा कि आग पर शाम 6:15 बजे पूरी तरह काबू पा लिया गया।
बेस्ट के बेड़े में लगभग 2,700 बसें हैं, जिनमें से 50 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें ‘स्विच मोबिलिटी’ से ली गई हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष
सुभाष

Facebook


