दक्षिण मुंबई की इमारत में लगी आग पर काबू पाया गया; दस लोगों को बचाया गया, कोई घायल नहीं
दक्षिण मुंबई की इमारत में लगी आग पर काबू पाया गया; दस लोगों को बचाया गया, कोई घायल नहीं
मुंबई, 25 सितंबर (भाषा) दक्षिण मुंबई के भीड़भाड़ वाले भुलेश्वर इलाके में शुक्रवार को एक चार मंजिला इमारत के बिजली मीटर केबिन और दो दुकानों में आग लगने के बाद 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह आग अपराह्न करीब एक बजकर 15 मिनट पर मुंबादेवी मंदिर के पास भैरूमल हाउस नामक चार मंजिला इमारत में लगी। उन्होंने बताया कि आग इमारत के भूतल पर बिजली के तारों, विद्युत उपकरणों, साझा मीटर केबिन, लकड़ी की सीढ़ी और गलियारे में लगे बिजली के केबल तक सीमित थी।
एक अधिकारी ने बताया कि भूतल की कुछ दुकानों में धुंआ भर गया था, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने चाबियों की मदद से बंद दुकानों को खोला।
उन्होंने बताया कि तीसरी मंजिल पर फंसे सात लोगों को दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों के माध्यम से सुरक्षित नीचे उतारा। वहीं, तीसरी मंजिल पर मौजूद तीन लोग घबरा गए और पास की एडीएन इमारत की चौथी मंजिल की छोटी सुरक्षा दीवार पर चले गए।
अधिकारी ने बताया कि इन तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अधिकारी ने बताया कि बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं यातायात (बेस्ट) कर्मियों द्वारा बिजली आपूर्ति बंद किए जाने के बाद चार दमकल वाहनों की मदद से दोपहर दो बजकर 45 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया और इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


