पुणे पुलिस सिया को केतन की ‘हत्या की साजिश’ वाली जगह पर ले गई

Ads

पुणे पुलिस सिया को केतन की ‘हत्या की साजिश’ वाली जगह पर ले गई

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 01:00 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 01:00 PM IST

पुणे, दो जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस बृहस्पतिवार सुबह सिया गोयल को पुणे के उस स्थान पर ले गई, जहां उसने और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर यह साजिश रची थी कि रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले की पहाड़ी से नीचे कैसे धक्का देना है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित सिया गोयल के घर की तलाशी के दौरान वे कपड़े भी बरामद किए हैं, जिन्हें उसने 18 जून को घटना वाले दिन कथित तौर पर पहना था।

सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले की पहाड़ी से केतन अग्रवाल (25) को धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।

केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी इसी वर्ष नवंबर में होने वाली थी। कथित हत्या के बाद पुलिस ने सिया और चेतन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों तीन जुलाई तक पुलिस हिरासत में हैं।

पुणे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन ने लुल्लानगर स्थित एक क्लब के पास खुले स्थान पर यह साजिश रची थी कि केतन को लोहागढ़ किले की पहाड़ी से कैसे धक्का देना है। इसी सिलसिले में आज सिया को उस स्थान पर ले जाया गया।’’

अधिकारी ने बताया कि सिया के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने वे कपड़े भी बरामद कर लिए, जिन्हें उसने घटना वाले दिन कथित तौर पर पहना था।

पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी ने इसलिए केतन अग्रवाल की हत्या की, क्योंकि वह उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था।

पुलिस बुधवार को सह-आरोपी चेतन चौधरी को भी घटनास्थल पर लेकर गई थी, जहां अपराध के घटनाक्रम को समझने के लिए दृश्यों का रूपांतरण किया।

इससे पहले रविवार को पुलिस सिया को भी घटनास्थल पर ले गई थी। उस दौरान उसकी मौजूदगी में एक पुतले को खाई में धक्का देकर कथित घटनाक्रम को दोहराया गया था।

पुलिस के अनुसार, केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने अपनी शिकायत में कहा था कि उनके बेटे ने कई बार सिया की चेतन चौधरी से बढ़ती नजदीकियों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि सिया अक्सर अपनी बातचीत में चेतन का जिक्र किया करती थी।

भाषा

खारी नरेश

नरेश