कल्याण के अस्पताल में मरीज के बेटे ने चिकित्सक पर हमला किया, मामला दर्ज

Ads

कल्याण के अस्पताल में मरीज के बेटे ने चिकित्सक पर हमला किया, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 09:25 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 09:25 PM IST

ठाणे, 23 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक अस्पताल में एक मरीज के बेटे के साथ विवाद के बाद कथित तौर पर 41 वर्षीय चिकित्सक को अपशब्द कहे गए और उस पर हमला किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि कल्याण पुलिस ने शनिवार रात कल्याण ईस्ट के एक अस्पताल में हुई घटना के सिलसिले में आरोपी विनीत जयवंत देशमुख (30) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1) (जानबूझकर शारीरिक चोट पहुंचाना) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पिता अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में चिकित्सकीय जांच के लिए आए थे। जांच के बाद चिकित्सक योगेंद्र जायसवाल ने उन्हें दवाइयां लिखीं और दवा लेने की मात्रा तथा रोजाना के खानपान से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए।

अधिकारी के मुताबिक, जब चिकित्सक मरीज की अन्य शंकाओं का समाधान कर रहे थे, तभी आरोपी ने खानपान के नियमों तथा दवाइयों के इस्तेमाल को लेकर और जानकारी मांगते हुए चिकित्सक से कथित तौर पर अभद्र और आक्रामक भाषा में बात करना शुरू कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर ओपीडी कक्ष के भीतर चिकित्सक के साथ गाली-गलौज की और उनकी गर्दन पकड़कर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि वहां मौजूद अन्य मरीजों और उनके परिजनों ने बीच-बचाव कर चिकित्सक को बचाया।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश