आखिरी पायदान पर रह रहे व्यक्ति तक शासन को प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए : चंद्रबाबू नायडू

Ads

आखिरी पायदान पर रह रहे व्यक्ति तक शासन को प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए : चंद्रबाबू नायडू

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 09:00 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 09:00 PM IST

अमरावती, छह जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को कहा कि प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में आखिरी पायदान पर मौजूद व्यक्ति तक शासन को प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए।

उन्होंने रेखांकित किया कि विकास और सुशासन हासिल करने के लिए राजनीतिक प्रबंधन और नौकरशाही को मिलकर काम करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि वास्तविक समय में शासन प्रणाली (आरटीजीएस) नागरिकों की शिकायतों और आपातकालीन स्थितियों पर तुरंत प्रतिक्रिया दे।

यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, नायडू ने कहा, ‘‘शासन की पहुंच हर निर्वाचन क्षेत्र के आखिरी छोर तक प्रभावी ढंग से होनी चाहिए। विकास और सुशासन हासिल करने के लिए राजनीतिक प्रबंधन और नौकरशाही को मिलकर काम करना चाहिए।’’

नायडू ने रेखांकित किया कि बेहतर सार्वजनिक सेवाएं मुहैया कराने के लिए तुरंत प्रतिक्रिया देना ज़रूरी है। उन्होंने विभागों के बीच प्रतिक्रिया देने के तरीकों को मज़बूत करने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कई विभागों के बीच समन्वय बैठक करने का सुझाव दिया।

मुख्यमंत्री ने विशाखापत्तनम तट के नजदीक मछली पकड़ने वाली नौका के पलटने के मामले में मछुआरों के लापता होने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की प्रतिक्रिया कितनी असरदार होगी, यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपातकालीन स्थितियों में अलग-अलग विभाग कितनी तेज़ी और कुशलता से आपस में समन्वय करते हैं।

नायडू ने कहा कि सरकार चित्तूर ज़िले में ‘‘नागरिकों की संतुष्टि को मापने’’ के लिए कृत्रिम मेधा आधारित तरीकों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के क्षेत्र में जाकर लोगों की राय लेने से उनकी समस्याएं समझने में मदद मिलती है।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप