आंध्र प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने तेलंगाना के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने तेलंगाना के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं
अमरावती, दो जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तेलंगाना राज्य के स्थापना दिवस पर वहां की जनता को मंगलवार को शुभकामनाएं दीं।
आंध्र प्रदेश के विभाजन के बाद दो जून, 2014 को तेलंगाना राज्य का गठन हुआ था।
हर साल दो जून को तेलंगाना स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है जो राज्य के गठन की याद दिलाता है और उसकी सांस्कृतिक पहचान और उपलब्धियों का जश्न मनाता है।
नजीर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मैं तेलंगाना के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।’’
राज्यपाल ने कहा कि तेलंगाना समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, दृढ़ता और उल्लेखनीय प्रगति की भूमि है जो नवाचार, कृषि और आर्थिक विकास के एक जीवंत केंद्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कामना की कि तेलंगाना निरंतर समृद्ध होता रहे और विकास, शांति और समृद्धि में नयी ऊंचाइयों को प्राप्त करे।
मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि भले ही आंध्र प्रदेश और तेलंगाना दो अलग-अलग राज्यों के रूप में क्षेत्रों के आधार पर गठित हुए हों, लेकिन तेलुगु समुदाय हमेशा एक रहेगा।
नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तेलुगु राज्य के गठन को 12 साल हो चुके हैं। भले ही वे दो अलग-अलग राज्यों के रूप में क्षेत्रों के आधार पर गठित हुए हों, लेकिन पूरा तेलुगु समुदाय हमेशा एक रहेगा।’’
उन्होंने कहा कि तेलंगाना और आंध्र प्रदेश को विकास के मामले में एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए और तेलुगु भूमि के समृद्ध इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए तेजी से आगे बढ़ना चाहिए।
नायडू ने कहा कि हैदराबाद और अमरावती को विश्व के सर्वश्रेष्ठ शहरों में से एक के रूप में उभरना चाहिए और विकास का लाभ प्रत्येक तेलुगु परिवार तक पहुंचना चाहिए।
मुख्यमंत्री नायडू ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों राज्यों को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के तहत मिलकर काम करना चाहिए और तेलुगु लोगों की गौरवशाली विरासत एवं प्रतिष्ठा को प्रदर्शित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
भाषा सुरभि अमित
अमित

Facebook


