मुंबई, 13 सितंबर (भाषा) लंबे समय तक मौसम शुष्क रहने के बाद मुंबई के कुछ हिस्सों में रविवार को भारी बारिश हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कुछ इलाकों में गरज के साथ तेज बारिश होने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
मुंबई में शनिवार रात से बारिश की तीव्रता बढ़ गई। शहर के कई हिस्सों में सुबह से बारिश जारी है जबकि कुछ निचले इलाकों में जलभराव हो गया है।
देश की वित्तीय राजधानी में जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता काफी कम हो गई थी और छिटपुट बारिश को छोड़कर पिछले महीने से खास वर्षा नहीं हुई।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में मुंबई में औसतन 52.07 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 72.71 मिलीमीटर और 65.96 मिलीमीटर बारिश हुई।
आईएमडी ने सामान्य रूप से बादल छाए रहने तथा गरज के साथ मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
विभाग ने कहा कि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।
पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार दोपहर 4.46 मीटर ऊंचा ज्वार आने और शाम सात बजकर 13 मिनट पर 0.44 मीटर का भाटा आने का अनुमान है।
रविवार देर रात एक बजकर 38 मिनट पर 4.43 मीटर ऊंचा ज्वार आने और सोमवार सुबह सात बजकर 17 मिनट पर 1.21 मीटर का भाटा आने की संभावना है।
भाषा सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल