ठाणे और पालघर में भारी बारिश से इमारतें ढहने, पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं, कोई हताहत नहीं

ठाणे और पालघर में भारी बारिश से इमारतें ढहने, पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं, कोई हताहत नहीं

ठाणे और पालघर में भारी बारिश से इमारतें ढहने, पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं, कोई हताहत नहीं
Modified Date: July 5, 2026 / 08:08 pm IST
Published Date: July 5, 2026 8:08 pm IST

ठाणे, पांच जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण कई स्थानों पर इमारतें क्षतिग्रस्त होने और पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं, जिसके बाद आपात दलों ने बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने हालांकि पुष्टि की कि इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि ठाणे शहर में आपातकालीन सेवाओं ने दो मंजिला इमारत में फंसे पांच लोगों को दोपहर में दीवा क्षेत्र से सुरक्षित बचाया, जब सीढ़ी का एक कंक्रीट स्लैब गिरने से मुख्य निकास मार्ग अवरुद्ध हो गया था।

उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने प्रदीप मलुसरे (50), प्राजक्ता मलुसरे (42), चेतन मलुसरे (21), गणेश राणे (48) और 14 वर्षीय आरोशी कुमदेकर को सुरक्षित बचाया।

अधिकारियों ने बताया कि ठाणे पश्चिम के पाचपाखाड़ी स्थित यशोदा निवास सोसाइटी में एक बड़ा पेड़ दो मकानों पर गिर गया, जिससे उनकी छतें क्षतिग्रस्त हो गईं।

क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन कक्ष (आरडीएमसी) के प्रमुख यासीन तडवी ने कहा, ‘‘पेड़ को हटाने का काम जारी है। घटनास्थल पर किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।’’

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पेड़ गिरने के दौरान नगर निगम का एक कर्मचारी बाल-बाल बच गया।

अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी पालघर जिले में लगातार बारिश के कारण वसई में एक दीवार ढह गई।

उन्होंने बताया कि एक आवासीय परिसर की निर्माणाधीन चारदीवारी दोपहर में ढह गई, जिससे परिसर में खड़ी 15 मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं।

अधिकारियों ने बताया कि वसई-विरार नगर निगम (वीवीएमसी) के दमकलकर्मी तुरंत मलबा हटाने के लिए मौके पर पहुंचे।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में