मुंबई, 12 फरवरी (भाषा) मुंबई हवाई अड्डे पर चार जनवरी से 11 फरवरी के बीच 16.7 करोड़ रुपये मूल्य की संदिग्ध ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ और 1.6 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना, हीरे एवं विदेशी मुद्रा जब्त की गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर की गई इन जब्तियों के सिलसिले में सीमाशुल्क अधिकारियों ने आठ लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
अधिकारी ने कहा कि पिछले लगभग 40 दिन में सात यात्रियों के पास 13.2 किलोग्राम संदिग्ध ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ बरामद किया गया, जिसकी कीमत 13.2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
उन्होंने कहा कि एक अन्य कार्रवाई के तहत मुंबई सीमाशुल्क ने पांच यात्रियों को पकड़कर 3.5 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किया, जिसकी अवैध मादक पदार्थ बाजार में कीमत 3.5 करोड़ रुपये हो सकती है।
उन्होंने बताया कि स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं और मादक पदार्थों की बरामदगी के मामलों में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी ने यह भी बताया कि इसके अलावा यात्रियों के पास से 15.24 लाख रुपये मूल्य का 104 ग्राम सोना; 38.28 लाख रुपये मूल्य के हीरे; तथा 1.13 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा भी जब्त की गई।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश