आईआईटी मुंबई के छात्र ने परीक्षा के दौरान नकल करते पकड़े जाने के बाद आत्महत्या की
आईआईटी मुंबई के छात्र ने परीक्षा के दौरान नकल करते पकड़े जाने के बाद आत्महत्या की
मुंबई, 19 सितंबर (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के 22 वर्षीय एक छात्र ने परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुये पकड़े जाने के बाद छात्रावास के कमरे में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
आईआईटी मुंबई के एक बयान के अनुसार, महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के निवासी साहिल रवींद्र वाकोडे ने परीक्षा के दौरान उत्तर के लिए परीक्षा का प्रश्न-पत्र ‘चैटजीपीटी’ पर अपलोड किया था।
पुलिस ने बताया कि वाकोडे ऊर्जा विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग में बीटेक पाठ्यक्रम के द्वितीय वर्ष का छात्र था।
एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पवई परिसर के छात्रावास संख्या-4 में वाकोडे का शव छत के पंखे से लटका हुआ मिला।
उन्होंने बताया कि मौत का पता तब चला जब छात्रावास में रहने वाले उसके साथियों ने देखा कि उसके कमरे से कोई जवाब नहीं मिल रहा है और उन्होंने अधिकारियों को सूचित किया, जिन्होंने फिर पुलिस को खबर दी।
अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पवई पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुंबई के पवई स्थित आईआईटी परिसर में गत सात महीने में किसी छात्र द्वारा आत्महत्या करने का यह तीसरा मामला है।
फरवरी में, छात्रावास में बीटेक द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली थी। जुलाई 2026 में भी नए सेमेस्टर की शुरुआत में बीटेक द्वितीय वर्ष के 20 वर्षीय छात्र ने अपनी जान दे दी थी।
भाषा धीरज रंजन
रंजन

Facebook


