ठाणे के एक अस्पताल में अवैध आईवीएफ केंद्र का खुलासा; शहर भर में निरीक्षण के आदेश

ठाणे के एक अस्पताल में अवैध आईवीएफ केंद्र का खुलासा; शहर भर में निरीक्षण के आदेश

ठाणे के एक अस्पताल में अवैध आईवीएफ केंद्र का खुलासा; शहर भर में निरीक्षण के आदेश
Modified Date: March 18, 2026 / 03:14 pm IST
Published Date: March 18, 2026 3:14 pm IST

ठाणे, 18 मार्च (भाषा) ठाणे का एक अस्पताल अनधिकृत रूप से ‘इन विट्रो फर्टिलाइजेशन’ (आईवीएफ) सुविधा संचालित करते हुए पाया गया जिसके चलते प्राधिकारियों ने शहर में ऐसी सभी सुविधाओं और ‘सोनोग्राफी’ केंद्रों का व्यापक निरीक्षण करने का आदेश दिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर इलाके में हाल ही में मानव ‘‘अंडाणु बेचने’’ के एक अवैध रैकेट के भंडाफोड़ के बाद की गई है।

ठाणे महानगरपालिका (टीएमसी) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि उसके स्वास्थ्य विभाग ने छह मार्च को एक प्रमुख स्थानीय अस्पताल में बिना लाइसेंस वाले आईवीएफ केंद्र पर छापेमारी की।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘केंद्र की मंजूरी रद्द कर दी गई है और सुविधा केंद्र में मौजूद तीन ‘सोनोग्राफी मशीन’ को सील कर दिया गया है।’’

ठाणे की महापौर शर्मिला पिंपलोलकर ने अनियमितताओं का गंभीर संज्ञान लेते हुए मंगलवार को एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई जिसमें टीएमसी के मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रसाद पाटिल और शिवसेना नेता पवन कदम ने भाग लिया।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘मेयर ने प्रशासन को ठाणे महानगरपालिका की सीमा के भीतर स्थित सभी आईवीएफ और सोनोग्राफी केंद्रों का तत्काल निरीक्षण करने का निर्देश दिया।’’

उन्होंने चिकित्सा सुरक्षा मानदंडों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए ‘‘अवैध सोनोग्राफी केंद्रों के खिलाफ एक विशेष अभियान’’ शुरू करने का भी आदेश दिया।

बैठक के दौरान डॉ. पाटिल ने कहा, ‘‘गरीब महिलाओं को पैसे का लालच देकर ‘हार्मोनल इंजेक्शन’ के जरिए अतिरिक्त अंडाणु पैदा करने के लिए मजबूर किया जा रहा था। फिर इन अंडाणु को निकालकर निःसंतान दंपतियों को लाखों रुपये में बेचा जाता था।’’

मेयर के हवाले से विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘प्रशासन को नियमित रूप से जांच की निगरानी करनी चाहिए और हर सप्ताह एक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई कार्रवाई को बिना किसी रुकावट के जारी रखा जाना चाहिए।’’

भाषा यासिर नरेश

नरेश


लेखक के बारे में