नासिक, सात फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव नगर निगम (एमएमसी) में आईएसएलएएम पार्टी की महिला प्रत्याशी शेख नसरीन खालिद शनिवार को महापौर चुनी गईं।
समाजवादी पार्टी (सपा) की महिला पार्षद शान-ए-हिंद निहाल अहमद उपमहापौर निर्वाचित हुईं।
दोनों पार्टियों – इंडियन सेक्युलर लार्जेस्ट असेंबली ऑफ महाराष्ट्र (आईएसएलएएम) और सपा – ने गठबंधन बनाकर ‘मालेगांव सेक्युलर फ्रंट’ बनाया था। 84 सदस्यीय सदन में बहुमत प्राप्त करने के लिए जादुई आंकड़ा 43 था।
पंद्रह जनवरी को हुए निकाय चुनाव में, आईएसएलएएम ने 35 सीट, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने 21, शिवसेना ने 18, सपा ने पांच, कांग्रेस ने तीन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दो सीट जीतीं।
खालिद और अहमद दोनों को 43-43 वोट मिले – आईएसएलएएम पार्टी के 35, सपा के पांच और कांग्रेस के तीन।
उनके प्रतिद्वंद्वी लता घोडके और अधिवक्ता नीलेश काकडे, जो एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के उम्मीदवार थे। ये क्रमशः महापौर और उप महापौर पदों के लिए चुनाव लड़ रहे थे। दोनों को 18-18 वोट मिले। अन्य सभी उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया।
एआईएमआईएम और भाजपा ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।
आईएसएलएएम पार्टी की स्थापना पूर्व कांग्रेस विधायक आसिफ शेख रशीद ने की थी।
भाषा अमित शफीक
शफीक