छात्र घरों को लौट जाएं, प्रश्नपत्र लीक में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी : सलमान खान

Ads

छात्र घरों को लौट जाएं, प्रश्नपत्र लीक में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी : सलमान खान

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 08:28 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 08:28 PM IST

मुंबई, 23 जुलाई (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने कथित नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बृहस्पतिवार को अपने-अपने घरों को लौटने की अपील की और कहा कि उन्हें भरोसा है कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक नए पोस्ट में कहा कि छात्रों की सुरक्षा और शिक्षा सबसे ज्यादा जरूरी होनी चाहिए और उनसे चिंता न करने को कहा।

खान ने लिखा, ‘‘पढ़ाई और सुरक्षा, दोनों ही मामलों में छात्र हमारी प्राथमिकता हैं, इसलिए उन्हें और उनके माता-पिता को चिंता करने की जरूरत नहीं है। माननीय प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया है और मुझे यकीन है कि वह इस प्रश्नपत्र लीक के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। इसलिए छात्रों, कृपया अपने माता-पिता के पास और अपने घर लौट जाएं।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे युवाओं के कल्याण और भविष्य से बढ़कर कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं है। हमारे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर संबंधित प्राधिकारियों और अधिकारियों को सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।’’

खान ने अपने संदेश में कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक से भी आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की।

उन्होंने लिखा,‘‘सोनम, बस हो गया। इसे और न बढ़ाएं। अगर जरूरत पड़ी तो इस जज्बे को किसी और दिन के लिए बचाकर रखिए। हालांकि मुझे नहीं लगता कि इसकी जरूरत पड़ेगी और कुछ खा लीजिए। अगर आप चाहें तो मैं अपने घर से खाना भेजूंगा।’’

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में छात्र 20 जून से जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वे चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में सुधार और प्रश्नपत्र लीक से प्रभावित छात्रों के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।

भाषा धीरज नरेश

नरेश