मुंबई, 28 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र समान प्रवेश परीक्षा (सीईटी) प्रकोष्ठ ने एक ऑडियो क्लिप के मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है जिसमें एक महिला को कथित तौर पर इंजीनियरिंग में प्रवेश के एक अभ्यर्थी को 12 लाख रुपये में ‘विशेष’ परीक्षा केंद्र की पेशकश करते सुना जा सकता है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
कई छात्रों, अभिभावकों और विपक्षी कांग्रेस ने इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए महाराष्ट्र-सीईटी की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि मामूली शैक्षणिक रिकॉर्ड वाले कुछ अभ्यर्थियों को लगभग पूरे परसेंटाइल मिले हैं।
उन्होंने पूरी तरह जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि योग्य छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है।
इस क्लिप में, एक महिला कथित तौर पर एक अज्ञात अभिभाव को लगभग 12 लाख रुपये में ‘विशेष’ परीक्षा केंद्र की पेशकश करते हुए सुनी जा सकती है। उसका दावा है कि इस व्यवस्था से छात्र को बहुत अधिक परसेंटाइल हासिल करने और एक जाने-माने सरकारी सहायता प्राप्त इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला पाने में मदद मिलेगी।
विशेष सीईटी प्रकोष्ठ आयुक्त दिलीप सरदेसाई ने कहा कि असत्यापित ऑडियो क्लिप का संज्ञान लिया है। सरदेसाई ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘महाराष्ट्र-सीईटी प्रकोष्ठ को ऑडियो क्लिप के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। हमने इस पर ध्यान दिया है और राज्य साइबर प्रकोष्ठ तथा आजाद मैदान पुलिस (मुंबई में) में शिकायत दर्ज कराई है।’’
हालांकि, उन्होंने इन आरोपों को खारिज कर दिया कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के आवंटन पर असर डाल सकते हैं।
भाषा वैभव रंजन
रंजन