वादों को पूरा करने के बजाय तेदेपा ‘राजनीतिक नौटंकी’ कर रही: जगन मोहन रेड्डी

वादों को पूरा करने के बजाय तेदेपा ‘राजनीतिक नौटंकी’ कर रही: जगन मोहन रेड्डी

वादों को पूरा करने के बजाय तेदेपा ‘राजनीतिक नौटंकी’ कर रही: जगन मोहन रेड्डी
Modified Date: March 9, 2026 / 01:45 pm IST
Published Date: March 9, 2026 1:45 pm IST

अमरावती, नौ मार्च (भाषा) युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू पर 2024 के चुनावों से पहले महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय ‘‘राजनीतिक नौटंकी’’ करने का आरोप लगाया।

रेड्डी ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री महिला सशक्तीकरण की बात कैसे कर सकते हैं, जबकि चुनावों से पहले उनके द्वारा किए गए प्रमुख वादों में से कोई भी पूरा नहीं किया गया।

वाईएसआरसीपी की ओर से रविवार देर रात जारी विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘रेड्डी ने मुख्यमंत्री नायडू पर निशाना साधते हुए तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) गठबंधन सरकार पर चुनावों से पहले महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय राजनीतिक नौटंकी करने का आरोप लगाया।’’

उन्होंने याद दिलाया कि राज्य में तेदेपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने 19 से 59 वर्ष की आयु वर्ग की प्रत्येक महिला को 1,500 रुपये प्रति माह का वादा किया था।

उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसी 1.8 करोड़ महिलाएं हैं, जिन्हें सालाना 18,000 रुपये और तीन साल में 54,000 रुपये मिलने चाहिए थे।

रेड्डी ने सरकार से पूछा कि राज्यभर की महिलाओं को ये लंबित भुगतान कब जारी किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने प्रत्येक परिवार को हर साल तीन मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन राजग सरकार के पहले साल में केवल 786 करोड़ रुपये आवंटित किए गए। इसके बाद दूसरे साल में 2,200 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2027 में 2,601 करोड़ रुपये आवंटित किए गए, जबकि योजना को पूरी तरह लागू करने के लिए लगभग 4,000 करोड़ रुपये की आवश्यकता है।

रेड्डी ने कहा कि राज्य में 1.59 करोड़ गैस कनेक्शन चालू हालत में हैं और ‘‘दीपम-2’’ योजना के तहत सरकार पर 6,143 करोड़ रुपये बकाया है।

हालांकि, तेदेपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भाषा खारी सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में