समीर वानखेड़े के खिलाफ जांच शिकायतों पर आधारित, नवाब मलिक के इशारे पर नहीं: एनसीबी

Ads

समीर वानखेड़े के खिलाफ जांच शिकायतों पर आधारित, नवाब मलिक के इशारे पर नहीं: एनसीबी

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 03:32 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 03:32 PM IST

मुंबई, सात अप्रैल (भाषा) स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने मंगलवार को बंबई उच्च न्यायालय को बताया कि एजेंसी के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े पर लगे अनियमितताओं के आरोपों की जांच “खुली” शिकायतों पर आधारित है न कि राकांपा के नेता नवाब मलिक के इशारे पर।

एनसीबी ने उपमहानिदेशक (दक्षिण पश्चिम क्षेत्र) विशाल सनप के माध्यम से दाखिल हलफनामे में दावा किया कि 2008 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी वानखेड़े के खिलाफ पूछताछ दो खुली शिकायतों के आधार पर की गई।

एजेंसी ने मलिक की ओर से किसी तरह संपर्क किए जाने की बात खारिज कर दी और कहा कि वानखेड़े के खिलाफ दर्ज पिछले मामलों में अनियमितताओं के आरोपों की जांच करना उसका कर्तव्य है।

हलफनामे में कहा गया है, ‘ध्यान देने योग्य है कि इनमें से कोई भी शिकायत नवाब मलिक ने दर्ज नहीं करवाई थी, और ये जांच उनके किसी भी संदेश के आधार पर शुरू नहीं की गई थीं।’

समीर वानखेडे ने उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर अपने खिलाफ दर्ज मादक पदार्थ से संबंधित मामलों की जांच को चुनौती दी थी। इसमें अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़ा मामला भी शामिल है।

इसके बाद उन्होंने अपने वकील राजीव चव्हाण के जरिए अदालत में जवाबी हलफनामा प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें 2021 में क्रूज पर मादक पदार्थ मिलने के मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी के बाद कई मामलों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री नवाब मलिक ने भी उनसे रंजिश निकाली क्योंकि उन्होंने मादक पदार्थ मामले में उनके दामाद समीर खान को गिरफ्तार किया था।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश