मुंबई, तीन मार्च (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने अमेरिका-इजराइल-ईरान संघर्ष के बीच पश्चिम एशिया में फंसे राज्य के सैकड़ों लोगों के लिए एक आपातकालीन व्हाट्सएप हेल्पलाइन शुरू की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, ईरान युद्ध के कारण हवाई क्षेत्र बंद होने से महाराष्ट्र के सैकड़ों लोग पश्चिम एशिया में फंस गए हैं, हालांकि सभी सुरक्षित हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं और विभिन्न एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा कि वह हर संभव सहायता प्रदान करने वाली केंद्र सरकार के साथ भी नियमित रूप से समन्वय कर रहे हैं, जबकि महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन को समन्वय प्रयासों का जिम्मा सौंपा गया है।
सीएमओ ने कहा कि राज्य सरकार ने फंसे हुए नागरिकों के लिए दुबई स्थित ‘इंडियन पीपुल्स फोरम’ के समन्वय से एक व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर भारी और सटीक बमबारी पूरे सप्ताह या जब तक आवश्यक हो तब तक जारी रहेगी।
स्थिति को देखते हुए पश्चिम एशिया में कई हवाई क्षेत्रों को बंद कर दिया गया, जिससे उड़ानों में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ है और यात्री फंसे हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया है कि पूरे महाराष्ट्र से पश्चिम एशिया में फंसे हुए राज्य के नागरिकों के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं।
जालना से कांग्रेस के सांसद कल्याण काले भी दुबई में फंसे लोगों में शामिल हैं। उनके भाई जगन्नाथ काले ने बताया कि वह ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को दुबई गए थे।
भाषा यासिर वैभव
वैभव